home page

कैथल: सांसद नवीन जिंदल ने सुनी समस्याएं, टीम को दिए समाधान के निर्देश

 | 
कैथल: सांसद नवीन जिंदल ने सुनी समस्याएं, टीम को दिए समाधान के निर्देश


कैथल, 09 अप्रैल (हि.स.)। कुरुक्षेत्र से लाेकसभा सांसद नवीन जिंदल ने गुरुवार को अपने कार्यालय में कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न गांवों और शहरों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

मुलाकात के दौरान सांसद नवीन ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की प्रशासनिक ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सांसद ने अपनी टीम को निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रत्येक समस्या का समयबद्ध समाधान किया जाए। साथ ही उन्होंने विकास कार्यों की नियमित प्रोग्रेस रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए, ताकि कोई भी कार्य लंबित न रहे और लोगों को समय पर राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व समस्याओं का प्रभावी और स्थायी समाधान करना है। इसी उद्देश्य के साथ वे लगातार क्षेत्र के लोगों के संपर्क में रहते हैं और उनकी जरूरतों के अनुसार कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर सांसद कार्यालय प्रभारी रविंद्र्र धीमान ने बताया कि सांसद नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरकेएसडी कॉलेज में जल्द ही इंटरनेशनल स्किल सेंटर शुरू किया जाएगा, जिससे युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे