home page

कैथल: सड़क हादसे में बिजली निगम कर्मचारी की माैत

 | 

कैथल, 31 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव प्योदा के पास तेज रफ्तार ऑटाे की टक्कर से बाइक पर ड्यूटी पर जा रहे बिजली कर्मी की माैत हाे गई। हादसे में जान गंवाने वाला कपिल अपने परिवार का इकलौता सहारा था, जिसकी मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, गांव प्योदा निवासी कपिल रोज़ की तरह सुबह मोटरसाइकिल पर सवार होकर कैथल की ओर ड्यूटी पर जा रहा था। जैसे ही वह गांव के बाहर पहुंचा, एक तेज रफ्तार ऑटो ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कपिल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिससे समय पर मदद नहीं मिल सकी। कपिल की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह बिजली निगम में कर्मचारी था और अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। पीछे उसकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनका अब सहारा छिन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्योदा के आसपास सड़क पर अक्सर तेज गति से वाहन चलते हैं, लेकिन इस पर कोई सख्ती नहीं होती। घटना की सूचना मिलते ही तितरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। मृतक के भाई राजेंद्र की शिकायत पर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि आरोपी ऑटाे चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे