home page

कैथल: सड़क किनारे मिला शव, नशे के कारण मौत की आशंका

 | 

कैथल, 27 अप्रैल (हि.स.)। शहर के अर्जुन नगर क्षेत्र में चीका रोड ड्रेन के पास सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिला। राहगीरों की नजर शव पर पड़ते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के लिए शव को रखवाया गया है। प्रथम दृष्टया मामला नशे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि मृतक ने अधिक मात्रा में शराब का सेवन किया होगा, जिसके चलते वह सड़क किनारे गिर गया और वहीं उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि उसकी पहचान की जा सके। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में 72 घंटे के लिए रखवाया है। यदि इस दौरान कोई पहचान नहीं होती, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच अधिकारी जय भगवान ने बताया कि राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे