home page

कैथल: विवाहिता की मौत पर भड़के ग्रामीणों ने किया रोष प्रदर्शन, पिता ने लघु सचिवालय में किया आत्महत्या का प्रयास

 | 
कैथल: विवाहिता की मौत पर भड़के ग्रामीणों ने किया रोष प्रदर्शन, पिता ने लघु सचिवालय में किया आत्महत्या का प्रयास


कैथल: विवाहिता की मौत पर भड़के ग्रामीणों ने किया रोष प्रदर्शन, पिता ने लघु सचिवालय में किया आत्महत्या का प्रयास


कैथल, 13 अप्रैल (हि.स.)। शहर में छह मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता की मौत के मामले में परिजनाें का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए सोमवार को करनाल रोड पर रोष मार्च निकाला। इस दौरान जिला जींद के गांव कुचराना कलां से आए ग्रामीणों ने पैदल मार्च करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और न्याय की मांग उठाई। विवाहिता के गुस्साए पिता लघु सचिवालय में आत्महत्या के मकसद से पेड़ पर चढ़ गए। वह जैसे ही पगड़ी से फंदा बनाने लगे ताे मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियाें और ग्रामीणाें ने पेड़ पर चढ़ कर उन्हें समझाकर नीचे उतार दिया।

प्रदर्शनकारियाें का कहना था कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है, जिससे आरोपियों को बचाया जा सके। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मृतका के पिता सतपाल सिंह ने बताया कि उनकी 34 वर्षीय बेटी मनजीत की शादी करीब 11 वर्ष पहले गांव माजरा रोहेड़ा निवासी युवक के साथ हुई थी। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था।

कई बार बेटी ने परिवार को अपनी परेशानियों के बारे में बताया था, लेकिन हर बार समझौते के प्रयास किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि छह मार्च को उनकी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसकी सूचना भी उन्हें समय पर नहीं दी गई। जब वे मौके पर पहुंचे तो स्थिति संदिग्ध लगी। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष ने घटना के बाद कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और न ही किसी तरह की पंचायत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया।

परिजनों ने यह भी कहा कि यदि यह आत्महत्या का मामला है, तो इसके पीछे के कारणों की गहराई से जांच होनी चाहिए। उनका आरोप है कि मानसिक और पारिवारिक दबाव के चलते उनकी बेटी को यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया गया होगा। वहीं, ससुराल पक्ष के लोग घटना के बाद से ही बातचीत से बचते नजर आ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच उच्च स्तर पर करवाई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। राजौंद थाना के एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच चल रही हैै। अभी तक की जांच में ऐसे कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आए हैं, जिनसे हत्या की पुष्टि हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे