home page

कैथल : विधानसभा में गूंजा पूंडरी का मुद्दा, विधायक सतपाल जांबा ने रखीं विकास संबंधी मांगें

 | 
कैथल : विधानसभा में गूंजा पूंडरी का मुद्दा, विधायक सतपाल जांबा ने रखीं विकास संबंधी मांगें


कैथल, 24 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान पूंडरी क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे जोरदार तरीके से उठाए गए। पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें सदन में रखीं।

विधायक ने मंगलवार काे कहा कि वर्तमान में पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रगति पर हैं। करीब 45 सड़कों का वर्क प्लान तैयार किया गया है, जिनमें से लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्यों को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में 115 स्कूलों में से 60 जर्जर स्कूलों की मरम्मत, नए कमरों और शौचालयों के निर्माण का काम जारी है। वहीं 14 खेल स्टेडियमों में से 10 स्टेडियमों के नवीनीकरण का कार्य प्रगति पर है, जिससे युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

सदन में रखीं प्रमुख मांगें

विधायक सतपाल जांबा ने विधानसभा के माध्यम से सरकार के समक्ष कई अहम मांगें रखीं। उन्होंने पाई कबड्डी एकेडमी के अधूरे कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की। साथ ही पूंडरी को सब-डिवीजन का दर्जा देने और एक आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने ढांड से राजौंद वाया पाई तथा कैथल से कुरुक्षेत्र वाया पबनावा मार्ग को फोर-लेन करने की मांग की। इसके अलावा पूंडरी में बाईपास सुविधा और कैथल से करनाल तक नई रेलवे लाइन बिछाने का मुद्दा भी सदन में उठाया।

विधायक ने विधानसभा क्षेत्र में एक सरकारी कॉलेज की स्थापना और बीपीएल कॉलोनियों में नालियों व गलियों के सुधार के लिए विशेष फंड जारी करने की मांग भी रखी।

भूमि विवाद और स्वच्छता पर सुझाव

विधायक ने कहा कि पूर्वजों द्वारा सड़कों के लिए दान की गई भूमि पर अब उत्तराधिकारियों द्वारा दावा किए जाने से कई विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने स्पष्ट नीति बनाने का सुझाव दिया। गांवों की फिरनी पर गोबर के ढेर से होने वाली गंदगी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने ग्राम पंचायत की एक-दाे किला भूमि गोबर एकत्रीकरण और जैविक अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आरक्षित करने का सुझाव दिया, ताकि गांवों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे