कैथल : युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी व ससुरालियों समेत एजेंट पर केस दर्ज
कैथल, 01 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव बाबा लदाना में रविवार को एक 30 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। उसकी पत्नी इस समय ऑस्ट्रेलिया में रह रही है। युवक भी ऑस्ट्रेलिया जाना चाहता था, लेकिन उसका वीजा मंजूर नहीं हुआ, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी, ससुराल पक्ष और एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बाबा लदाना निवासी बलविंदर सिंह ने बताया कि उसके भाई मनीष (30) की शादी करीब दो वर्ष पहले जींद जिले के गांव पीपलथा निवासी तमन्ना के साथ हुई थी। बलविंदर के अनुसार, शादी के समय ससुराल पक्ष की ओर से शर्त रखी गई थी कि विवाह के बाद दोनों को ऑस्ट्रेलिया भेजा जाएगा। शादी के बाद वीजा प्रक्रिया शुरू करवाई गई।
परिजनों का कहना है कि तमन्ना का वीजा स्वीकृत हो गया, लेकिन मनीष का वीजा अप्रूव नहीं हुआ। शादी के लगभग दो महीने बाद तमन्ना ऑस्ट्रेलिया चली गई, जबकि मनीष भारत में ही रह गया। आरोप है कि वीजा लगवाने के लिए मनीष ने एजेंट को 60 से 70 लाख रुपये तक दिए, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया और वीजा नहीं लग पाया। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद कुछ समय तक तमन्ना ने मनीष से सामान्य बातचीत की, लेकिन बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया। हाल ही में उसने मनीष से कहा कि वह दूसरी लड़की से शादी कर ले और वह ऑस्ट्रेलिया में अकेले ही रह लेगी।
बलविंदर का कहना है कि जब इस संबंध में ससुराल पक्ष से बात की गई तो उन्होंने भी मनीष को दूसरी शादी करने की बात कही और कथित तौर पर उसे धमकाया। इन घटनाओं के बाद से मनीष मानसिक तनाव में रहने लगा था। रविवार को उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
संगतपुरा पुलिस चौकी के जांच अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पत्नी तमन्ना, ससुर दयाचंद, साले आकाश और एजेंट हवा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

