कैथल में सड़क हादसों ने छीनी दो युवकों की जिंदगी
कैथल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में शुक्रवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। एक हादसा ढांड क्षेत्र में हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से 20 वर्षीय हर्ष की जान चली गई। वहीं, कैथल में चीका रोड पर ट्रैक्टर-ट्राली में जा रहे 36 वर्षीय बिट्टू की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। दोनों हादसों ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
ढांड क्षेत्र के गांव बंदाराना निवासी हर्ष शुक्रवार रात करीब 11 बजे मोटरसाइकिल पर गांव पबनावा से ढांड की ओर जा रहा था। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों से हादसे की सूचना मिलने पर ढांड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मदद से हर्ष को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हर्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता सुखबीर सिंह मजदूरी करते हैं और हर्ष भी उनके साथ काम करके परिवार का हाथ बंटाता था। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा छिन गया है। ढांड थाना प्रभारी बहादुर सिंह के अनुसार पुलिस को रात करीब 11 बजे हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
चीका रोड पर ट्रक की टक्कर से बिट्टू की मौत
दूसरा हादसा कैथल में चीका रोड पर गली नंबर पांच के सामने हुआ। मृतक बिट्टू के पिता रुलदू राम के अनुसार, उनका बेटा शुक्रवार शाम ट्रैक्टर-ट्राली में जा रहा था। इसी दौरान एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद बिट्टू को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस हादसों के कारणों और जिम्मेदार वाहन चालकों के संबंध में जांच कर रही है। ढांड क्षेत्र में हादसे के बाद फरार हुए वाहन चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

