home page

कैथल में युवा कांग्रेस की नई टीम घोषित, 74 पदाधिकारियों को मिले नियुक्ति पत्र

 | 
कैथल में युवा कांग्रेस की नई टीम घोषित, 74 पदाधिकारियों को मिले नियुक्ति पत्र


कैथल, 09 मई (हि.स.)। किसान भवन में शनिवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में जिला युवा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इस दौरान कैथल के विधायक आदित्य सुरजेवाला ने 74 नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपी।

कार्यक्रम में जिला उपप्रधान, महासचिव, सचिव, मुख्य प्रवक्ता, प्रवक्ता और सोशल मीडिया हेड सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की गईं। युवा कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे किसान भवन में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और सभी पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी निष्ठा जताई।

अपने संबोधन में आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि युवा कांग्रेस संगठन की रीढ़ है और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में लगाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिले में 74 युवाओं को जिम्मेदारी सौंपना इस बात का संकेत है कि पार्टी युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए गंभीर है। उन्होंने मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए कहा कि आज का युवा बेरोजगारी, महंगाई और अनिश्चित भविष्य जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। कांग्रेस पार्टी युवाओं और किसानों के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सुरजेवाला समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि वे उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे और कैथल में युवा कांग्रेस को मजबूत व सक्रिय संगठन के रूप में स्थापित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे