कैथल में नशीली गोलियों सहित आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 08 मई (हि.स.)। कैथल पुलिस ने
एक आरोपी को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4380 लोराजेपम टैबलेट बरामद की हैं।डीएसपी गुरविंद्र सिंह के नेतृत्व में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की टीम गश्त पर थी। इस दौरान एएसआई शमशेर सिंह को गुप्त सूचना मिली कि गांव सांघन निवासी बिन्टु अवैध रूप से नशीली दवाइयों का कारोबार करता है और युवाओं को सप्लाई करता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिरसा ब्रांच नहर पटरी पर गांव चंदाना की ओर नाकाबंदी की। कुछ ही देर में जींद रोड की तरफ से एक युवक काले रंग की मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोककर काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बिन्टु निवासी सांघन के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की टंकी पर रखे काले पोलिथीन बैग से लोराजेपम की 146 पत्तियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 4380 गोलियां थीं। मौके पर पहुंचे ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ कंचन पांडे की मौजूदगी में नियमानुसार कार्रवाई की गई। आरोपी नशीली दवाइयों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। ड्रग कंट्रोल अधिकारी ने इन गोलियों को प्रतिबंधित बताया।
इस संबंध में थाना तितरम में मामला दर्ज कर एएसआई तरशेम कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। जिला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा और युवाओं को नशे की चपेट से बचाने के लिए ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

