कैथल में जमीन के नाम पर सवा दो करोड़ की ठगी,दंपति पर केस दर्ज
कैथल, 05 अप्रैल (हि.स.)। कैथल में जमीन बेचने के नाम पर एक दंपति द्वारा महिला से दाे करोड़ 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आराेप है कि दंपति ने रुपये लेने के बावजूद आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य व्यक्ति के नाम करवा दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव जाजनपुर निवासी सोनिया ने तितरम थाने में दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2024 में उसने गांव शेरगढ़ में करीब साढ़े चार एकड़ जमीन खरीदने का सौदा किया था। कैथल निवासी सुरेंद्र कुमार, जो उसके पिता का पुराना परिचित है, ने दिसंबर 2024 में पैसों की जरूरत बताते हुए जमीन बेचने की बात कही। सोनिया के अनुसार, सौदा 75 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से तय हुआ। इसके बाद उसने सुरेंद्र और उसकी पत्नी उषा को अलग-अलग समय पर कुल 2.20 करोड़ रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से दे दिए। रजिस्ट्री 31 दिसंबर से पहले कराने का आश्वासन दिया गया था।
समय बीतने पर आरोपी दंपति रजिस्ट्री को लेकर बहाने बनाने लगे। उषा ने अपने दामाद का हवाला देते हुए रजिस्ट्री टालनी शुरू कर दी। बाद में दोनों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उक्त जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य व्यक्ति के नाम करवा दी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दंपति ने जानबूझकर धोखाधड़ी की है। तितरम थाना के जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

