home page

कैथल में चरस समेत तीन तस्कर काबू

 | 
कैथल में चरस समेत तीन तस्कर काबू


कैथल, 02 जून (हि.स.)।

जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम ने एक तस्कर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक किलो 84 ग्राम चरस (सुल्फा) बरामद की गई है।

एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम गश्त पर थी।

गश्त के दौरान ब्रह्मानंद चौक पूंडरी पर गुप्त सूचना मिली कि गांव पाई निवासी राजू चरस बेचने का काम करता है और वह मोटरसाइकिल पर चरस लेने के लिए गांव करोडा गया हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने पाई-करोड़ा रोड पर नाकाबंदी कर दी।

कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल को आते देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने भागने का प्रयास किया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान डीएसपी कलायत रोहताश कुमार की मौजूदगी में आरोपी राजू के पास से एक किलो 84 ग्राम चरस बरामद हुई।

थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह चरस उसे बालाजी कॉलोनी कैथल निवासी बंटी और मानस रोड पट्टी कोथ गामड़ी निवासी मोनू राम द्वारा सप्लाई की गई थी।

पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सप्लायर बंटी और मोनू राम को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी मोनू को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि राजू और बंटी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे