home page

कैथल: मानसिक परेशान पंजाब की महिला ने भाखड़ा नहर में कूदकर दी जान

 | 

कैथल, 28 फ़रवरी (हि.स.)। पंजाब के पटियाला जिले के गांव सोंधेवाल की एक 45 वर्षीय महिला ने मानसिक परेशानी के चलते भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान रमनदीप कौर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, महिला पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। घटना का खुलासा तब हुआ जब कैथल के गांव गढ़ी नजीर के पास नहर में किसानों ने एक शव तैरता हुआ देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही महमूदपुर चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से शव को पंजाब के गांव बकराहा के पास नहर से बाहर निकलवाया।

मृतका के भाई मंगा सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रमनदीप कौर 27 फरवरी की रात को बिना बताए घर से निकल गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला, जिसके बाद नहर में उसका शव मिलने की खबर आई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल कैथल में करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह ने बताया कि मंगा सिंह की शिकायत पर इस मामले में इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे