home page

कैथल: महिला सुरक्षा को पुलिस की शहर में तीन विशेष टीमें तैनात

 | 
कैथल: महिला सुरक्षा को पुलिस की शहर में तीन विशेष टीमें तैनात


कैथल, 29 अप्रैल (हि.स.)। शहर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर विशेष अभियान चलाते हुए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो शहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगी।

पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन स्थानों पर छेड़छाड़, पीछा करने और अभद्र व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है, ताकि छात्राओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।

इसके अलावा बस स्टैंड, मुख्य बाजार, पार्क और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी पुलिस की टीमें सक्रिय रहेंगी। बाइक या कार से महिलाओं का पीछा करने, सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से मंडराने और उत्पात मचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं को भयमुक्त वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी डर के शिक्षा, नौकरी और अन्य दैनिक गतिविधियां कर सकें। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारना भी इस अभियान का एक अहम हिस्सा है।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के माध्यम से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ समाज में सुरक्षा और अनुशासन की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना दें और नियमों का पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे