home page

कैथल: बर्खास्तगी व निलंबन के विरोध में सड़कों पर उतरे नगरपालिका सफाई कर्मचारी

 | 
कैथल: बर्खास्तगी व निलंबन के विरोध में सड़कों पर उतरे नगरपालिका सफाई कर्मचारी


कैथल, 08 सितंबर (हि.स.)। नगरपालिका कर्मचारी संघ की हड़ताल के बीच कर्मचारियों पर की गई बर्खास्तगी और निलंबन की कार्रवाई को लेकर विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को सफाई कर्मचारियों ने सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले कमेटी चौक पर प्रदर्शन किया। इसके बाद कर्मचारी कैथल के कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला के साथ लघु सचिवालय पहुंचे और बर्खास्तगी व निलंबन के आदेशों की प्रतियां जलाकर अपना विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे आंदोलन के बीच कर्मचारियों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है। कर्मचारियों ने विधायक के सामने भी अपनी मांगें रखीं और सरकार से तत्काल बातचीत कर समाधान निकालने की मांग की।

कर्मचारियों के अनुसार, कैथल में हड़ताल के दौरान अब तक करीब 60 कर्मचारियों को बर्खास्त किया जा चुका है। इनमें नगरपालिका कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान महेंद्र को नोटिस जारी होने के बावजूद ड्यूटी पर वापस नहीं लौटने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में निलंबित किया गया है। वहीं महिला प्रधान वर्षा, विक्की, आकाश, अजय, शकुंतला और सीतो सहित कई कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है।

कर्मचारियों का कहना है कि कार्रवाई से उनका रोष और बढ़ गया है। इसी के विरोध में मंगलवार को बर्खास्तगी और निलंबन के आदेशों की प्रतियां सार्वजनिक रूप से जलाई गईं।

नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। बाजारों और प्रमुख रास्तों के अलावा रेलवे गेट के आसपास भी कचरे के ढेर लगे हुए हैं। शहर की कई सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी और सफाई कार्य भी नहीं किया जाएगा।

नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य मुख्य संगठनकर्ता, सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव शिवचरण और सचिव विक्की टांक ने कहा कि कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर पहले भी लंबा आंदोलन किया था। उनका कहना है कि 13 मार्च को हरियाणा भवन, चंडीगढ़ में विभागीय मंत्री विपुल गोयल और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव आरके खुल्लर की अगुवाई में अधिकारियों के साथ संघ की राज्य कमेटी की करीब छह घंटे बैठक हुई थी।

कर्मचारी नेताओं के मुताबिक बैठक में मांगों को लेकर सहमति बनी थी और 20 जून तक संबंधित परिपत्र जारी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद मुख्य मांगों से संबंधित परिपत्र जारी नहीं किए गए। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान अब तक सफाई, सीवर और फायर विभाग के कर्मचारियों को नियमित नहीं किया गया है। उन्होंने सरकार से बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली, निलंबन वापस लेने और लंबित मांगों को जल्द लागू करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे