home page

कैथल: प्रवेश उत्सव रथ को डीसी अपराजिता ने दिखाई हरी झंडी, शिक्षा के प्रति करेगा जागरूक

 | 
कैथल: प्रवेश उत्सव रथ को डीसी अपराजिता ने दिखाई हरी झंडी, शिक्षा के प्रति करेगा जागरूक


कैथल, 30 मार्च (हि.स.)। जिले में सरकारी विद्यालयों में 100 प्रतिशत नामांकन और शून्य ड्रॉप आउट के लक्ष्य को लेकर जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में डीसी अपराजिता ने साेमवार काे लघु सचिवालय से ‘प्रवेश उत्सव रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे प्रवेश उत्सव अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में दाखिले बढ़ाना और शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। यह रथ गांव-गांव जाकर सरकारी विद्यालयों की उपलब्धियों और सुविधाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा, खासकर उन क्षेत्रों में जहां छात्र संख्या कम है।

डीसी अपराजिता ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को नि:शुल्क शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें विज्ञान, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियां, शैक्षणिक व ऐतिहासिक भ्रमण जैसी अनेक अवसर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और कोई भी बच्चा इससे वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को जिले में 100 प्रतिशत नामांकन और ड्रॉप आउट शून्य करने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी प्रवेश उत्सव रथ चलाया जा रहा है। इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जिसमें कुशल कुमार शर्मा को नोडल प्रभारी बनाया गया है। यह रथ एक माह तक पूरे जिले में भ्रमण करेगा और सरकारी स्कूलों की सुविधाओं व छात्रों की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करेगा। उन्होंने बताया कि यह रथ अश्विनी बंसल चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जो शिक्षा के क्षेत्र में लगातार योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज सरकारी विद्यालयों में निजी स्कूलों से भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिसका परिणाम है कि पिछले वर्ष बारहवीं कक्षा में जिले का टॉपर सरकारी स्कूल का छात्र रहा।

प्रवेश उत्सव रथ के जिला नोडल अधिकारी कुशल कुमार शर्मा ने बताया कि इसके लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है और रथ जिले के प्रत्येक गांव में जाकर स्थानीय स्कूलों के सहयोग से लोगों को जागरूक करेगा। इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार, जिला परियोजना संयोजक राजेंद्र आजाद, अधीक्षक सुरेश कौशिक, प्रवेश बंसल, अश्वनी बंसल, खंड शिक्षा अधिकारी सीवन अनिल छाबड़ा, नोडल अधिकारी कुशल कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुशील कुमार छत्रपाल, प्रवीण थरेजा, रमेश चहल, डॉ. विजय कुमार चावला, अरुण कुमार, विनोद आर्य, गुरदीप सिंह, सुनील डांगी, फकीरचंद, रजनी बाला, रूपा शर्मा आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे