home page

कैथल: पैसों के विवाद में मजदूर ने की आत्महत्या,सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज

 | 
कैथल: पैसों के विवाद में मजदूर ने की आत्महत्या,सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज


कैथल, 06 जून (हि.स.)। जिले के गांव थेह बनेड़ा में करीब 40 वर्षीय व्यक्ति द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी ने गांव के सरपंच और उसके दो बेटों पर प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मलुका राम के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करता था। उसकी पत्नी मीरा देवी ने चीका थाना में दी शिकायत में बताया कि करीब छह दिन पहले उसके पति का गांव के सरपंच रामपाल के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान झगड़े में मलुका राम को चोटें भी आई थीं। मीरा देवी के अनुसार, सरपंच रामपाल पर उसके पति के करीब चार हजार रुपये बकाया थे।

शिकायत में बताया गया कि बाद में इस मामले का पंचायत स्तर पर समझौता भी हुआ, लेकिन इसके बावजूद सरपंच ने उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। धमकी के बाद से ही मलुका राम मानसिक तनाव में रहने लगा था।

मीरा देवी ने बताया कि घटना वाले दिन उसका पति घर से परेशान हालत में निकला था। शाम को उसे सरकारी अस्पताल से सूचना मिली कि उसके पति ने जहरीली दवाई का सेवन कर लिया है। परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे और हालत गंभीर होने पर मलुका राम को राजिंद्र अस्पताल, पटियाला रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार काे उसकी मौत हो गई। चीका थाना के जांच अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर सरपंच रामपाल और उसके दो बेटों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे