home page

कैथल पुलिस ने गांजा सहित आरोपी पकड़ा

 | 
कैथल पुलिस ने गांजा सहित आरोपी पकड़ा


कैथल, 23 अप्रैल (हि.स.)। कैथल पुलिस ने एक आरोपी को पांच किलो 250 ग्राम गांजा सहित काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई कमलजीत सिंह की टीम गश्त और नशीले पदार्थों की तलाश के लिए गांव भागल बस अड्डा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि हरिचंद नामक व्यक्ति राजस्थान से आकर गुहला-चीका क्षेत्र में गांजा तस्करी करता है और फिलहाल राधा स्वामी सत्संग व्यास, भागल के पास नशीला पदार्थ लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां एक युवक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान गांव कनासील, जिला धौलपुर (राजस्थान) निवासी हरिचंद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान नायब तहसीलदार सीवन मीनू कौशिक की मौजूदगी में आरोपी के बैग से पांच किलो 250 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना चीका में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे