कैथल पुलिस के बेड़े में 25 राइडर्स बाइक व स्कूटी तैनात, हॉट स्पॉट क्षेत्रों में बढ़ेगी सुरक्षा
कैथल, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कैथल पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार 25 राइडर्स बाइक व स्कूटी की विशेष टीम तैयार कर विभिन्न क्षेत्रों में तैनात कर दी गई है। यह टीम खासतौर पर चिन्हित हॉट स्पॉट क्षेत्रों में गश्त कर अपराधों पर नियंत्रण करने में अहम भूमिका निभाएगी।
बुधवार सुबह पुलिस लाइन कैथल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल और पीएसआई जॉनी ने इन राइडर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने राइडर्स को अपनी जिम्मेदारी पूरी सतर्कता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, यह विशेष राइडर्स टीम जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहकर नशा करने वालों, नशा तस्करों और अन्य असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखेगी। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई कर अपराधों को रोकने का प्रयास करेगी। राइडर्स की त्वरित प्रतिक्रिया से घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण संभव हो सकेगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और पुलिस की मौजूदगी को अधिक प्रभावी बनाना है। छोटे वाहनों के माध्यम से तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी आसानी से गश्त की जा सकेगी, जिससे अपराधियों पर शिकंजा कसना और आसान होगा।
कैथल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। पुलिस का मानना है कि जनता के सहयोग से ही जिले में शांति और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

