home page

कैथल : पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार काउंसिल चुनाव में जिले के 1805 वकील करेंगे मतदान, चार केंद्र किए स्थापित

 | 
कैथल :  पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार काउंसिल चुनाव में जिले के 1805 वकील करेंगे मतदान, चार केंद्र किए स्थापित


कैथल, 06 मार्च (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अपराजिता ने 18 मार्च काे हाेने वाले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार काउंसिल चुनाव के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 18 मार्च को होने वाले मतदान के दौरान सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से दुरुस्त रहें और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

डीसी ने शुक्रवार काे बताया कि चुनाव के लिए मतदान 18 मार्च को सुबह नाै बजे से शाम पांच बजे तक होगा। जिले में कुल चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें तीन केंद्र कैथल में और एक केंद्र गुहला में स्थापित किया गया है। इस चुनाव में जिले के कुल 1805 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें कैथल के 1659 और गुहला के 146 मतदाता शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए छह पोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं, जिनमें चार मुख्य और दो रिजर्व टीमें शामिल हैं। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा पोलिंग पार्टियों को कम से कम दो बार प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी न आए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसी ने पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 16 मार्च को चंडीगढ़ से चुनाव सामग्री लाने और 18 मार्च को मतदान के बाद सीलबंद मतपेटियों को वापस चंडीगढ़ जमा करवाने के दौरान पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा तथा कैथल और गुहला में उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। बैठक में बिजली विभाग को मतदान के दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए, जबकि जन स्वास्थ्य विभाग को मतदाताओं और पोलिंग पार्टियों के लिए पीने के पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। सिविल सर्जन को दोनों मतदान केंद्रों पर एम्बुलेंस और आवश्यक दवाओं के साथ मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए।

चुनाव सामग्री के प्रबंधन की जिम्मेदारी तहसीलदार कैथल और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी गुहला को सौंपी गई है। ये अधिकारी 16 मार्च को चंडीगढ़ से बैलेट पेपर और अन्य चुनाव सामग्री प्राप्त करेंगे और मतदान के बाद सभी सीलबंद सामग्री को सुरक्षा के साथ वापस जमा करवाएंगे।

डीसी ने कहा कि चुनाव से पहले सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा और पूरी चुनाव प्रक्रिया की निगरानी नोडल अधिकारियों द्वारा की जाएगी।

बैठक में सीजेएम विनोद कुमार, एसडीएम कलायत अजय हुड्डा, डीएसपी बीरभान, तहसीलदार कैथल रविंद्र हुड्डा, चुनाव कानूनगो राजकुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे