home page

कैथल: पंचायती जमीन पर कब्जा पड़ा भारी, ग्योंग की महिला सरपंच बर्खास्त

 | 

कैथल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। गांव की पंचायती जमीन पर अवैध कब्जा करना ग्योंग की महिला सरपंच मनजीत कौर को भारी पड़ गया। प्रशासन ने जांच में पंचायती जमीन पर कब्जे की पुष्टि होने के बाद उन्हें सरपंच पद से बर्खास्त कर दिया है। इस कार्रवाई के साथ ही उनके अगले छह साल तक पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव लड़ने पर भी रोक लग गई है। सरपंच पद की जिम्मेदारी अब गांव के बहुमत वाले पंच को सौंपी जाएगी।

मामले की शुरुआत गांव निवासी हुकम सिंह की शिकायत से हुई थी। उन्होंने डीसी कैथल को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि सरपंच मनजीत कौर ने गांव की पंचायती जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। ग्रामीणों की ओर से जमीन खाली करने के लिए कहने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया जा रहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने मामले की जांच के आदेश दिए थे।

इसके बाद एडीसी के माध्यम से जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) ऋतु लाठर को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। जांच के दौरान पंचायती जमीन पर सरपंच का कब्जा पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए पद से हटाने का फैसला लिया।

इस कार्रवाई को लेकर सरपंच मनजीत कौर और उनके प्रतिनिधि कर्मवीर सिंह का कहना है कि उन्हें अभी तक टर्मिनेशन संबंधी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। उनका कहना है कि जब तक आदेश का पत्र नहीं मिलता, तब तक इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर कुछ कहना संभव नहीं है। पत्र मिलने के बाद ही वे आगामी कदम उठाने पर फैसला करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे