home page

कैथल: नाैकरी लगवाने के नाम पर रिश्वत लेते कोऑपरेटिव सोसाइटी के सहायक रजिस्ट्रार व इंस्पेक्टर गिरफ्तार

 | 
कैथल: नाैकरी लगवाने के नाम पर रिश्वत लेते कोऑपरेटिव सोसाइटी के सहायक रजिस्ट्रार व इंस्पेक्टर गिरफ्तार


कैथल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। एंटी करप्शन ब्यूराे ने कैथल में कोऑपरेटिव सोसाइटी के सहायक रजिस्ट्रार ऋषि महाजन और इंस्पेक्टर जसबीर काे एक युवक काे नाैकरी लगवाने के नाम पर रिश्वत लेते रंगे हाथाें गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी एक व्यक्ति से 30 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे थे।

दोनों ने कोऑपरेटिव सोसाइटी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की मांग की थी।

शिकायत के आधार पर एसीबी ने गुरुवार को योजना बनाकर कार्रवाई की और 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय दोनों को पकड़ लिया। इस मामले में गांव पाड़ला निवासी मांगे राम ने एसीबी को शिकायत दी थी। मांगेराम अपने पोते अभिमन्यु को पाडला पैक्स में नौकरी दिलवाना चाहता था। करीब दो वर्ष पहले सोसाइटी में भर्ती प्रक्रिया निकली थी, जिसके बाद एआर और इंस्पेक्टर ने नौकरी लगवाने के नाम पर उससे एक लाख रुपये की मांग की। मांगे राम ने आरोप लगाया कि उसने पहले ही 70 हजार रुपये इंस्पेक्टर जसबीर को दे दिए थे, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार और पैसे की मांग कर रहे थे। गुरुवार को रिश्वत की राशि ऋषि महाजन ने पकड़ी।

मांगे राम ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी दोनों अधिकारियों ने आठ से 10 युवाओं से रिश्वत लेकर उन्हें नौकरी पर लगवाया था। कथित तौर पर इन युवाओं से दो से तीन लाख रुपये तक वसूले गए थे। अधिकांश युवा आठवीं से दसवीं तक पढ़े हुए बताए गए हैं। जब मांगे राम को लगा कि उसके द्वारा दिए गए 70 हजार रुपये भी डूब सकते हैं और मांग लगातार बढ़ती जा रही है तो उसने एसीबी से संपर्क किया। शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ लिया।

एंटी करप्शन ब्यूराे के इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते सहायक रजिस्ट्रार ऋषि महाजन और एक इंस्पेक्टर काे पकड़ा गया है। अभी मामले की जांच चल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे