home page

कैथल: दमकल कर्मचारियों के समर्थन में उतरी रोडवेज यूनियन, सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

 | 
कैथल: दमकल कर्मचारियों के समर्थन में उतरी रोडवेज यूनियन, सरकार के खिलाफ प्रदर्शन


कैथल, 04 मई (हि.स.)।

हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने दमकल विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में सोमवार को कैथल डिपो में प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार दमकल कर्मचारियों के आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन की अध्यक्षता डिपो प्रधान अमित कुमार कुंडू ने की, जबकि मंच संचालन डिपो सचिव कृष्ण गुलियाना ने किया। इस दौरान कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि दमकल कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो रोडवेज कर्मचारी भी आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे।

यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार दमकल विभाग में कार्य सुचारू रखने के लिए रोडवेज चालकों से अग्निशमन कार्य करवाने की कोशिश कर रही है, जो न केवल गलत है बल्कि कर्मचारियों के साथ अन्याय भी है। उन्होंने बताया कि हाल ही में सोनीपत में ड्यूटी के दौरान एक रोडवेज कर्मचारी घायल हो गया, जिसका पूरा इलाज विभाग द्वारा करवाया जाना चाहिए।

कर्मचारियों ने दमकल विभाग की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। इनमें फरीदाबाद औद्योगिक क्षेत्र में अग्निकांड के दौरान शहीद हुए कर्मचारियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी, सभी कर्मचारियों को पुलिस की तर्ज पर 5000 रुपये जोखिम भत्ता, मेडिकल सुविधा, पक्की नौकरी का दर्जा, वर्दी व धुलाई भत्ता तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करना शामिल है।

यूनियन नेताओं अमित कुमार, कृष्ण गुलियाना, राज्य उपप्रधान विक्रम गुहणा, पूर्व उपमहासचिव जसबीर सिंह और उपप्रधान सुरेश मराठा ने संयुक्त रूप से कहा कि सरकार कर्मचारियों से वार्ता कर जल्द समाधान निकाले। अन्यथा रोडवेज कर्मचारी भी अन्य विभागों के साथ मिलकर काम छोड़कर चक्का जाम करने को मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे