home page

कैथल: तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, दो की मौत, सात घायल

 | 
कैथल: तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, दो की मौत, सात घायल


कैथल, 14 अप्रैल (हि.स.)। जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राजौंद क्षेत्र में नहर के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार सभी लोग गांव सेरधा के रहने वाले थे और करनाल के असंध क्षेत्र में तूड़ी ढोने का काम करके देर रात वापस लौट रहे थे। रात करीब साढ़े 10 बजे जब वे राजौंद की नहर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने संतुलन खो दिया और सीधे ऑटो में टक्कर मार दी।

हादसे में सेरधा निवासी सुनील (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शमशेर (45) गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को तुरंत कैथल के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से शमशेर की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है, जबकि बाकी का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।

घायलों में बलकार, पवन, कुलदीप, राजेश, नवाब सिंह, जॉनी और प्रवीण शामिल हैं। घायल प्रवीण ने बताया कि कार चालक तेज गति में था और ऑटो चालक द्वारा ब्रेक लगाने के बावजूद वह टक्कर से नहीं बच सका। घायल राजेश के अनुसार, घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस को दी शिकायत में कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

राजौंद थाना के एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे