home page

कैथल: डीसी ने किया स्कूल मेें औचक निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर खाया मिड-डे मील

 | 
कैथल: डीसी ने किया स्कूल मेें औचक निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर खाया मिड-डे मील


कैथल, 13 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त अपराजिता ने सोमवार को गांव शेरगढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और मिड-डे मील की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर दाल-चावल खाया और निर्देश दिए कि भोजन में मसाले बच्चों के स्वाद और स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर ही डाले जाएं।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने प्राथमिक कक्षाओं में जाकर बच्चों से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली तथा प्रयोगशाला और निर्माणाधीन कमरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। कक्षाओं में सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों से सुधार कर रिपोर्ट देने को कहा।

निरीक्षण के समय कुछ कक्षाओं में पंखे बंद मिले। जानकारी लेने पर पता चला कि सुबह 11 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित थी। इस पर डीसी ने स्कूल मुखिया को निर्देश दिए कि ऐसी स्थिति में तुरंत बिजली निगम से संपर्क कर कारण पता करें ताकि विद्यार्थियों को गर्मी में परेशानी न उठानी पड़े।

डीसी ने स्कूल के खेल मैदान का भी निरीक्षण किया। मैदान में पर्याप्त साफ-सफाई नहीं मिलने पर उन्होंने इसे तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्टाफ रूम पहुंचकर अध्यापकों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और खंड शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूलों के नियमित निरीक्षण के लिए तय कार्यक्रम बनाने को कहा।

मिड-डे मील का निरीक्षण करते हुए अपराजिता ने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग के निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना चाहिए। भोजन के बाद बर्तन धोने की व्यवस्था भी उन्होंने देखी और निर्देश दिए कि सभी बर्तनों को साबुन से अच्छी तरह साफ किया जाए। साथ ही अधिकारियों को समय-समय पर मिड-डे मील की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे