home page

कैथल : डीसी ने किया अनाज मंडी का दौरा, खरीद प्रक्रिया का लिया जायजा

 | 
कैथल : डीसी ने किया अनाज मंडी का दौरा, खरीद प्रक्रिया का लिया जायजा


कैथल, 08 अप्रैल (हि.स.)। डीसी अपराजिता ने बुधवार को विस्तार अनाज मंडी का दौरा कर रबी खरीद सीजन के तहत चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी परिसर में सड़कों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को तुरंत मरम्मत और पैचवर्क करवाने के निर्देश दिए ताकि किसानों और वाहनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने कंट्रोल रूम को बेहतर स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने ढेरियों पर पहुंचकर नमी मापक यंत्र से गेहूं की नमी की जांच करवाई। उन्होंने कांटे पर गेहूं के बैग का वजन भी चेक किया, ताकि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। इसके बाद उन्होंने मंडी के मुख्य द्वार पर स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।

डीसी अपराजिता ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों की फसल की समय पर खरीद, उठान और भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के तहत निर्धारित मानकों के अनुसार ही खरीद की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और फसल की तुलाई, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली तथा किसानों के बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी ने यह भी कहा कि यदि मंडी में गेहूं की आवक बढ़ती है तो पहले से ही पर्याप्त स्थान चिन्हित कर लिया जाए, ताकि फसल को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने भंडारण व्यवस्था को दुरुस्त रखने और गेहूं को खराब होने से बचाने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएफएससी वरिंद्र सिंह, मंडी सचिव नरेंद्र ढुल, डीएमईओ अभिनव वालिया सहित विभिन्न खरीद एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे