home page

कैथल: टेलीग्राम टास्क के नाम पर 12.75 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
कैथल: टेलीग्राम टास्क के नाम पर 12.75 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 06 जून (हि.स.)। जिले में टेलीग्राम के जरिए पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला सुभाष नगर निवासी प्रीति की शिकायत पर दर्ज किया गया था। प्रीति के बैंक खाते में अक्टूबर 2025 में एक प्लॉट की बिक्री के बदले 12.75 लाख रुपये आए थे। वह टेलीग्राम ऐप का इस्तेमाल करती थी और इस दौरान उसे पार्ट टाइम जॉब से जुड़े कई मैसेज मिलने लगे। उसने कुछ टेलीग्राम ग्रुप भी ज्वाइन किए थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 10 नवंबर को जब उसने अपने खाते की जांच की तो उसके होश उड़ गए। खाते से यूपीआई के जरिए अलग-अलग बैंक खातों में 12.75 लाख रुपये ट्रांसफर हो चुके थे। हैरानी की बात यह रही कि उसने किसी के साथ अपनी बैंकिंग जानकारी साझा नहीं की थी। बाद में 25 नवंबर को उसका मोबाइल फोन भी घर से गुम हो गया।

मामले की जांच साइबर क्राइम थाना की टीम ने की। जांच के दौरान मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी अमित गोयल और बंटी खुशवा का नाम सामने आया, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाते थे, जिनके माध्यम से ठगी की रकम को ट्रांसफर किया जाता था।

पुलिस ने आरोपी अमित गोयल के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे