home page

कैथल जेल में बेटी के हत्यारोपी पिता ने की आत्महत्या, बाथरूम में फंदा लगाकर दी जान

 | 
कैथल जेल में बेटी के हत्यारोपी पिता ने की आत्महत्या, बाथरूम में फंदा लगाकर दी जान


कैथल, 08 अप्रैल (हि.स.)। कैथल में अपनी ही 11 वर्षीय बेटी की हत्या के आरोप में बंद एक व्यक्ति ने बीती रात आत्महत्या कर ली। आरोपी ने जेल के बाथरूम में चादर का फंदा बनाकर खिड़की से लटककर जान दे दी। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जेल अधिकारियों के अनुसार आरोपी गोवर्धन (35) रात के समय अन्य कैदियों के सो जाने के बाद बाथरूम गया। उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और दीवार में बनी खिड़की में चादर का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। देर रात होने के कारण किसी को इस घटना की भनक नहीं लगी। बुधवार सुबह जब अन्य कैदी बाथरूम जाने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। इस पर जेल स्टाफ को सूचना दी गई। स्टाफ ने दरवाजा तोड़ा तो गोवर्धन का शव फंदे पर लटका मिला। तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया।

सूचना मिलने पर एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। जेल सुपरिटेंडेंट अशोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि गोवर्धन ने 31 मार्च को अपनी 11 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। वह जींद जिले के गांव जयपुर गदली का निवासी था। घटना के दिन वह अपनी बेटी को बाइक पर बैठाकर कैथल के गांव प्योदा की ओर ले गया था। रास्ते में नहर के पास उसने वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद आरोपी ने साजिश रचते हुए डायल 112 पर कॉल कर बेटी के अपहरण की झूठी सूचना दी। उसने पुलिस को बताया कि कुछ अज्ञात बदमाश स्कॉर्पियो गाड़ी में आए और उसकी बेटी को अगवा कर ले गए।

पुलिस को उसकी कहानी पर शक हुआ। जांच के दौरान घटनास्थल के पास ही बच्ची का शव बरामद हो गया, जिसके गले पर निशान थे। सख्ती से पूछताछ करने पर गोवर्धन ने अपनी बेटी की हत्या की बात कबूल कर ली थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और वह बेटी को अपना नहीं मानता था। इसी शक के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल जेल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे