home page

कैथल: जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, अधिकारियों को सौंपी प्रशिक्षण निगरानी की जिम्मेदारी

 | 

कैथल, 04 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिले में प्रस्तावित जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नोडल अधिकारी (जनगणना) एवं नगर मजिस्ट्रेट गुरविंदर सिंह ने शनिवार काे बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम छह से 22 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रशिक्षण कार्यों के प्रभावी संचालन और उनकी निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रशासन द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके तहत जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा को नगर परिषद कैथल, उप जिला शिक्षा अधिकारी जय भगवान को तहसील कलायत, जिला आपूर्ति अधिकारी निर्मल देवी को नगर पालिका सीवन, योजना अधिकारी बिजेंद्र सिंह को नगर पालिका पूंडरी, बीईओ सुरेंद्र कुमार को तहसील गुहला, बीईओ राजपाल राविश को तहसील पूंडरी, बीईओ बिमला सिरोही को तहसील कैथल, बीईओ सुरेश नैन को नगर पालिका कलायत, बीईओ अनिल छाबड़ा को नगर पालिका चीका तथा बीईओ संदीप नैन को नगर पालिका राजौंद का कार्यक्षेत्र सौंपा गया है।

सभी नामित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्यों की नियमित निगरानी करें और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। साथ ही उपमंडल स्तर के जनगणना अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशिक्षण गतिविधियों का प्रभावी पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

गुरविंदर सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य करना बेहद जरूरी है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रशिक्षण कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा हो, ताकि आगामी जनगणना कार्य बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे