कैथल: छह मई को 100 स्कूलों में होगी ‘माइ भारत क्विज’ की प्रारंभिक परीक्षा, 3000 छात्र लेंगे भाग
कैथल, 02 मई (हि.स.)। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा भारतीय सेना के “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित ‘माइ भारत क्विज’ को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। छह मई को जिले के 100 विद्यालयों में इस क्विज की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 3000 छात्र हिस्सा लेंगे।
इसी क्रम में शनिवार को पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जाखौली अड्डा (कैथल) में क्विज के शुभारंभ एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सांसद नवीन जिंदल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के महासचिव मेजर जनरल असीम कोहली (सेवानिवृत्त) और संसदीय कार्यालय प्रभारी पूर्व आईएएस धर्मवीर सिंह ने ‘माइ भारत क्विज’ की प्रारंभिक परीक्षा का औपचारिक शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में जिले के 100 विद्यालयों से आए नोडल शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। शिक्षकों को क्विज के उद्देश्य, संचालन प्रक्रिया, दिशा-निर्देश और आयोजन से जुड़ी अहम जानकारियों से अवगत कराया गया। साथ ही क्विज के सिलेबस पर भी विस्तार से चर्चा की गई, ताकि विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धक और संतुलित सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
मेजर जनरल असीम कोहली (सेवानिवृत्त) ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों में देशभक्ति, जागरूकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का आह्वान किया। सांसद नवीन जिंदल के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि इस क्विज का उद्देश्य छात्रों को सीखने के बेहतर अवसर प्रदान करना और उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना है। यह क्विज पूरे कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में आयोजित की जाएगी।
वहीं कैथल कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय ध्वज की विकास यात्रा से परिचित कराना है, ताकि हर नागरिक के मन में तिरंगे के प्रति सम्मान और गर्व की भावना सुदृढ़ हो।
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘माइ भारत क्विज’ विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति और सांस्कृतिक चेतना भी विकसित करेगा। उन्होंने खंड नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि 6 मई को अपने-अपने क्षेत्रों में इस गतिविधि का सफल आयोजन सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अधीक्षक प्रवीण थरेजा, जिला नोडल अधिकारी कुशल कुमार, रमेश चहल, खंड नोडल अधिकारी कैथल रमन कुकरेजा , संदीप जांगड़ा , विनोद आर्य , कर्मवीर सिसोदिया, वीरेंद्र सारण और डॉ. राज कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

