home page

कैथल: चूरापोस्त तस्करी का आरोपी राजस्थान का सप्लायर गिरफ्तार

 | 
कैथल: चूरापोस्त तस्करी का आरोपी राजस्थान का सप्लायर गिरफ्तार


कैथल, 24 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने चूरापोस्त सप्लाई करने वाले राजस्थान निवासी आरोपी को काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई जगभान की टीम ने 18-19 अप्रैल की मध्यरात्रि को कार्रवाई करते हुए 19 अप्रैल को नारनौल रोड पर टोल प्लाजा से करीब पांच किलोमीटर आगे एक ट्रक से गांव बुआना (जिला जींद) निवासी सुनील कुमार उर्फ सोनू को 26 किलो 340 ग्राम चुरापोस्त सहित गिरफ्तार किया था।

इस संबंध में थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर जांच एएसआई जसमेर सिंह को सौंपी गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह जिला जींद के गांव किला जफरगढ़ निवासी दीपक और आशीष के साथ मिलकर नशा तस्करी करता है। बरामद किया गया नशीला पदार्थ भी इन्हीं दोनों ने उसे बेचने के लिए दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दीपक और आशीष को भी गिरफ्तार कर लिया।

आगे की पूछताछ में सामने आया कि यह चुरापोस्त राजस्थान के जिला भीलवाड़ा के गांव लादुवास निवासी गोवर्धन द्वारा सप्लाई किया गया था। एएसआई जसमेर सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए सप्लायर गोवर्धन को भी काबू कर लिया। आरोपी के कब्जे से तीन हजार रुपये ड्रग मनी और एक छोटा वजन कांटा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे