home page

कैथल: गेहूं खरीद सीजन की व्यवस्थाओं काे लेकर डीसी ने ली अधिकारियाें की बैठक

 | 
कैथल: गेहूं खरीद सीजन की व्यवस्थाओं काे लेकर डीसी ने ली अधिकारियाें की बैठक


कैथल, 07 अप्रैल (हि.स.)। रबी खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त अपराजिता ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी के दौरान मंडियों में मौजूद रहें, ताकि किसानों को अपनी समस्या के समाधान के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित बैठक में डीसी अपराजिता ने कहा कि यदि कोई किसान गेहूं लेकर मंडी में पहुंचता है और उसे गेट पास, बायोमेट्रिक, बारदाना या अन्य किसी प्रक्रिया में परेशानी आती है तो मौके पर ही उसकी समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुचारु बनाए रखना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

डीसी ने निर्देश दिए कि खरीद एजेंसियों के अधिकारी प्रतिदिन शाम तक बायोमेट्रिक, गेट पास, खरीद, फसल उठान और भुगतान से संबंधित रिपोर्ट डीसी कार्यालय में प्रस्तुत करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मंडियों में गेट पास के दौरान जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से संचालित हों। फसल सत्यापन (वेरिफिकेशन) को लेकर भी उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी किसान को मंडी गेट से वापस न लौटाया जाए और उसकी एंट्री तुरंत दर्ज की जाए।

डीसी अपराजिता ने कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को डेटा मिलान का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 4,659 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें से 4,500 मीट्रिक टन की खरीद की जा चुकी है। इसके अलावा 3,877 क्विंटल सरसों की आवक दर्ज की गई, जिसकी पूरी खरीद कर ली गई है।

डीसी ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखा कर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। बैठक में डीडीए डॉ. रविंद्र कुमार, डीआईपीआरओ नसीब सैनी, डीएमईओ अभिनव वालिया, एआईपीआरओ अमित कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे