home page

कैथल: केले के ट्रक में तस्करी करता चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार

 | 
कैथल: केले के ट्रक में तस्करी करता चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार


कैथल: केले के ट्रक में तस्करी करता चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार


कैथल, 14 अप्रैल (हि.स.)। जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक चालक को 10 किलो चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी केले के ट्रक में नशा छिपाकर तस्करी कर रहा था। पकड़ा गया आरोपी गांव सिरटा का निवासी है। नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आराेपी केले के ट्रक में छिपा कर यह नशा लेकर आ रहा था।

डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने मंगलवार काे बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई राजेश कुमार की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि सिरटा निवासी नजीर ट्रक में केले की आड़ में चूरापोस्त लेकर कलायत बाईपास पर मटौर और चौशाला रोड के बीच खड़ा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत रेडिंग पार्टी गठित कर मौके पर दबिश दी। वहां एक व्यक्ति ट्रक में बैठा मिला, जो पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नजीर निवासी गांव सिरटा के रूप में हुई। पुलिस द्वारा मौके पर तहसीलदार कलायत अजय कुमार की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक के केबिन से एक पीले रंग का कट्टा बरामद हुआ, जिसमें 10 किलोग्राम चूरा पोस्त मिला। इसके बाद थाना कलायत में मामला दर्ज कर एएसआई रोहताश ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से रिमांड लेकर उससे पूछताछ की जाएगी, ताकि तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

डीएसपी ने बताया कि कैथल पुलिस द्वारा नशा और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले करीब डेढ़ महीने में नशा तस्करी के 13 मामलों में 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अफीम, चरस, चूरापोस्त, हेरोइन और गांजा बरामद किया गया है। वहीं 71 शराब तस्करी के मामलों में 69 आरोपियों को पकड़कर सैकड़ों बोतल शराब और हजारों लीटर लाहण बरामद किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे