home page

कैथल: किसान से धोखाधड़ी की विजिलेंस जांच के आदेश, 10 दिन में रिपोर्ट देगी कमेटी

 | 
कैथल: किसान से धोखाधड़ी की विजिलेंस जांच के आदेश, 10 दिन में रिपोर्ट देगी कमेटी


कैथल, 17 अप्रैल (हि.स.)।

जिला उपायुक्त अपराजिता ने एक किसान के साथ फसल बिक्री में हुई कथित धोखाधड़ी के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम की अगुवाई वाली विजिलेंस कमेटी से जांच करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कमेटी 10 दिन के भीतर जांच पूरी कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करे, ताकि पीड़ित किसान को समय पर न्याय मिल सके।

डीसी अपराजिता शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर एवं समीक्षा बैठक के दौरान शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुन रही थीं। इसी दौरान गांव सिसला निवासी किसान बलवान ने अपनी 83 एकड़ जमीन की फसल बेचने में धोखाधड़ी होने की शिकायत रखी। किसान की समस्या को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने एसडीएम कैथल संजय कुमार की अध्यक्षता में विजिलेंस कमेटी गठित कर जांच के निर्देश जारी किए।

डीसी ने शिविर में आई अन्य शिकायतों—जैसे गलियों के निर्माण, परिवार पहचान पत्र और विभिन्न विभागीय समस्याओं—पर भी संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली हर शिकायत का तय समय सीमा में निपटारा सुनिश्चित किया जाए और समाधान के बाद उसकी एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।

लापरवाही पर सख्ती की चेतावनी

समीक्षा बैठक के दौरान डीसी ने लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि हर शुक्रवार को समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसजीटी और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में पूरी तैयारी से उपस्थित हों।

लंबित मामलों को प्राथमिकता देने के आदेश

डीसी ने कहा कि जो शिकायतें लंबे समय से लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाया जाए। आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे