कैथल :किसान कांग्रेस ने किया संगठन विस्तार,पदाधिकारियों को मिले नियुक्ति पत्र
कैथल, 05 मई (हि.स.)। जिले में किसान राजनीति को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिला किसान कांग्रेस कमेटी का व्यापक विस्तार किया गया। किसान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसान प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम में किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जोरा सिंह सिनंद और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढांड ने संयुक्त रूप से नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि संगठन का यह विस्तार किसानों की आवाज को और अधिक मजबूती देगा तथा उनके हकों और अधिकारों के लिए प्रभावी तरीके से संघर्ष किया जाएगा।
इस संगठनात्मक विस्तार के तहत कुल 86 पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इनमें 15 जिला उपाध्यक्ष, 32 जिला महासचिव, 36 जिला सचिव, एक जिला मुख्य प्रवक्ता और दो जिला प्रवक्ता शामिल हैं।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने रणदीप सिंह सुरजेवाला, सुखपाल खैरा, आदित्य सुरजेवाला, धर्मवीर कौलेखां, रामचन्द्र गुर्जर ढांड, सुदीप सुरजेवाला और जोरा सिंह सिनंद का आभार जताया।
जिलाध्यक्ष जोरा सिंह सिनंद ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह टीम जिले के किसानों के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाएगी और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाएगी। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढांड ने भी सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

