कैथल: कनाडा भेजने के नाम पर 13.18 लाख की ठगी, युवक को एक माह दिल्ली में रखा
कैथल, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। गांव हंसूमाजरा निवासी एक युवक से कनाडा भेजने के नाम पर 13 लाख 18 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने युवक को एक महीने तक दिल्ली के होटल में भी रखा और बाद में भारत-कनाडा विवाद का बहाना बनाकर वीजा लगने से मना कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में राकेश ने बताया कि उसके भाई जसबीर का साला, गांव ढाकल (नरवाना) निवासी राहुल विदेश जाना चाहता था। जून 2023 में उसकी मुलाकात जालंधर के बुढ़ीआमा निवासी शैली और उसके पति सतनाम सिंह से हुई। दोनों ने खुद को युवाओं को विदेश भेजने वाला एजेंट बताया और भरोसा दिलाया कि वे राहुल को कनाडा भेजकर वहां नौकरी भी दिलवा देंगे।
आरोपियों ने कनाडा भेजने के लिए कुल 21 लाख रुपये की मांग की, जिसमें 13 लाख रुपये पहले और शेष आठ लाख रुपये कनाडा पहुंचने के बाद देने की बात कही गई। आरोप है कि जून 2023 में ही राहुल के सभी दस्तावेज ले लिए गए और अलग-अलग किस्तों में आरोपियों के खातों में 13 लाख 18 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार, जब कनाडा भेजने को लेकर आरोपियों से संपर्क किया गया तो वे बार-बार टालमटोल करते रहे। उन्होंने भारत और कनाडा के दूतावास के बीच विवाद का हवाला देते हुए प्रक्रिया में देरी बताई और जल्द वीजा लगवाने का भरोसा दिया।
फरवरी 2025 में आरोपियों ने राहुल को दिल्ली बुलाया, जहां उसे करीब एक महीने तक होटल में रखा गया। इसके बाद उसे यह कहकर वापस गांव भेज दिया गया कि जब तक भारत और कनाडा के बीच स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक वीजा नहीं लग सकता।
कुछ समय बाद आरोपियों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। जब पीड़ित परिवार ने पैसे वापस मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों द्वारा अन्य युवाओं से भी इसी प्रकार ठगी किए जाने की जानकारी मिली है।
मामले में गुहला थाना पुलिस ने शैली और सतनाम सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच का जिम्मा एसआई रामचंद्र को सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

