कैथल: एक्सप्रेसवे पर अचानक ब्रेक लगाने से भिड़े दो ट्रक, चालक की मौत व हेल्पर घायल
कैथल, 11 अक्टूबर (हि.स.)। कलायत क्षेत्र में जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर रविवार काे दो ट्रकों की टक्कर में एक चालक की मौत हो गई, जबकि उसका सहायक घायल हो गया। हादसे के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आगे चल रहे ट्रक के चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए थे, जिससे पीछे आ रहा ट्रक उससे टकरा गया।
उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी चंद्रसेन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई 35 वर्षीय निरंजन पाल ट्रक चालक था। वह शादीशुदा था और काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता था। शनिवार रात को वह दिल्ली से ट्रक में अनाज की बोरियां लादकर पंजाब की ओर जा रहा था। जब वह कलायत क्षेत्र में जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर पहुंचा, तभी उसके आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे निरंजन पाल का ट्रक आगे वाले ट्रक से टकरा गया।टक्कर इतनी गंभीर थी कि निरंजन पाल की मौत हो गई, जबकि उसके सहायक राधे पाल सिंह को चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलने के बाद मामले में पुलिस कार्रवाई शुरू की गई। निरंजन पाल अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। कलायत थाना के जांच अधिकारी सुभाष चंद ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई चंद्रसेन के बयान के आधार पर दूसरे ट्रक के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

