home page

कैथल: आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी, केस दर्ज

 | 

कैथल, 25 अप्रैल (हि.स.)।

जिले में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। आस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर एक व्यक्ति से पांच लाख रुपये ठगने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव गढ़ी निवासी पवन ने बताया कि वह विदेश जाकर नौकरी करना चाहता था।

इसी दौरान उसकी पहचान उसके जानकार आरिफ के माध्यम से गांव रसूलपुर निवासी प्रभजोत से हुई, जो खुद को विदेश भेजने का एजेंट बताता था। 10 सितंबर 2025 को हुई मुलाकात के दौरान आरोपी ने उसे आस्ट्रेलिया भेजने का भरोसा दिलाया और 26 लाख रुपये में सौदा तय कर लिया। इस दौरान आरोपी ने पवन से पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज भी ले लिए।

पीड़ित के अनुसार, 25 सितंबर 2025 को आरोपी ने उसे कथित वीजा का प्रिंटआउट दिखाया और टिकट व फाइल चार्ज के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग की। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि बाकी रकम विदेश पहुंचने के बाद ली जाएगी। इस पर पवन ने तीन लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से और दो लाख रुपये नकद आरोपी के घर पर उसकी पत्नी व माता को गवाहों की मौजूदगी में दे दिए। आरोपी ने बदले में तीन लाख रुपये का एक चेक भी दिया।

समय बीतने के बावजूद जब उसे विदेश नहीं भेजा गया तो पवन को शक हुआ। जांच करने पर वीजा फर्जी निकला। इसके बाद जब वह अपने रिश्तेदारों के साथ आरोपी के पास पहुंचा तो उसने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। आखिरकार पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी।

सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि शिकायत के आधार पर गांव रसूलपुर निवासी प्रभजोत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे