home page

कैथल: आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची डीसी, रिकॉर्ड व्यवस्थित नहीं मिलने पर वर्कर व सुपरवाइजर को नोटिस

 | 
कैथल: आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची डीसी, रिकॉर्ड व्यवस्थित नहीं मिलने पर वर्कर व सुपरवाइजर को नोटिस


कैथल, 21 जुलाई (हि.स.)। डीसी अपराजिता ने मंगलवार सुबह शहर के बलराज नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राशन की उपलब्धता, बच्चों व कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर, दवाइयों, खिलौनों तथा अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। रिकॉर्ड संतोषजनक ना मिलने पर डीसी ने संबंधित आंगनबाड़ी वर्कर एवं सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी सपना को नियमित रूप से फील्ड विजिट करने और आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने राशन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने राशन के स्टॉक, राशन रखने के बॉक्स का बारीकी से निरीक्षण किया और उसे अच्छे ढंग से रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा बच्चों और कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर तथा स्टॉक रजिस्टर की भी विस्तार से जांच की गई।

डीसी ने केंद्र में उपलब्ध आयरन एवं फोलिक एसिड सिरप की एक्सपायरी डेट भी जांची और निर्देश दिए कि टीकाकरण आदि की समुचित वीडियोग्राफी भी करवाई जाए।

निरीक्षण के दौरान बच्चों की लंबाई और वजन नापने वाली मशीन खराब मिली, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। डीसी अपराजिता ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर उनकी आवश्यकताओं की सूची तैयार कर उपायुक्त कार्यालय को भेजी जाए। जिन केंद्रों में मशीनें खराब हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए तथा आवश्यकता होने पर नई मशीनों की मांग भेजी जाए, ताकि बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे