कैथल : अवैध तरीके से पटाखे बनाने का भंडाफोड़, 30 किलो ज्वलनशील पदार्थ सहित आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 12 अप्रैल (हि.स.)। कैथल में पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे बनाने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 30 किलो ज्वलनशील पदार्थ (पोटाश) बरामद किया गया है, जिसके लिए उसके पास कोई लाइसेंस नहीं था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान करनाल जिले के असंध निवासी राजेंद्र कुमार के रूप में हुई है। इस संबंध में सिविल लाइन थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी एएसआई रघुबीर सिंह ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम अपराध की रोकथाम के तहत करनाल रोड, कैथल पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि राजेंद्र कुमार अंबेडकर नगर में किराए के मकान में रहकर अवैध रूप से छोटे पटाखे बनाने और बेचने का काम कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी वहां से निकलने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके किराए के मकान की तलाशी ली, जहां कमरे में रखी गत्ते की पेटियों से बड़ी संख्या में छोटे पटाखे बरामद हुए। जब पुलिस ने आरोपी से संबंधित लाइसेंस मांगा तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
तलाशी के दौरान बरामद ज्वलनशील पदार्थ का वजन किया गया, जो लगभग 30 किलो पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

