कैथल: अमेरिका में हार्ट अटैक से युवक की मौत, पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, नम आंखों से दी विदाई
कैथल, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव करोड़ा के एक युवक की अमेरिका में हार्ट अटैक से मौत के बाद उसका पार्थिव शरीर गांव पहुंच गया। परिजनों ने अंतिम दर्शन के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान गांव में शोक का माहौल रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं के लोग भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से युवक को विदाई दी।
गांव करोड़ा निवासी सुनील के रूप में हुई है, जो अमेरिका के फ्रेसनाे शहर में रह रहा था। वहां उसकी अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई।
अमेरिका में युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद समाजसेवी जसबीर लोहान तुरंत फ्रेसनाे पहुंचे और वहां से पार्थिव शरीर को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू करवाई। उन्होंने बताया कि यह बेहद दुखद समय था और उनकी कोशिश रही कि जल्द से जल्द शव भारत पहुंचे, ताकि परिवार अपने बेटे के अंतिम दर्शन कर सके।
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले सुनील ने रात को अपनी मां से फोन पर बातचीत की थी और बताया था कि वह सोने जा रहा है। इसके बाद सुबह तक उससे संपर्क नहीं हो पाया। उसके साथ रहने वाले युवक जब बाहर से लौटे तो वह बेड के नीचे पड़ा मिला। तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डंकी रूट से गया था अमेरिका
मृतक के चाचा विजेंद्र ने बताया कि सुनील मई 2023 में डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। परिवार ने करीब 40 लाख रुपये खर्च कर उसे विदेश भेजा था। वहां वह गाड़ी चलाने का काम करता था और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद थी।
सुनील अविवाहित था और परिवार में उसकी मां व बड़ा भाई हैं। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। बेटे को विदेश भेजने के लिए परिवार को कर्ज तक लेना पड़ा था। अब उसकी मौत के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

