home page

कैथल: अफसराें के सामने शिकायतकर्ताओं से पूछा - समाधान हुआ, फिर जवाबतलबी की

 | 
कैथल: अफसराें के सामने शिकायतकर्ताओं से पूछा - समाधान हुआ, फिर जवाबतलबी की


कैथल, 06 मार्च (हि.स.)। डीसी अपराजिता ने साप्ताहिक समाधान शिविर में कई शिकायतकर्ताओं से उनकी शिकायत के समाधान के बारे में जानकारी ली। समाधान न होने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों से जवाब भी तलब किए और शिकायतों के तुरंत समाधान के निर्देश जारी किए। डीसी ने कहा कि सभी अधिकारी समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली शिकायतों का यथाशीघ्र और प्रभावी रूप से निपटारा सुनिश्चित करें। समाधान शिविर हरियाणा सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। जन शिकायतों के समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी अपराजिता शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दे रही थीं। इससे पहले चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय से वीडियाे कान्फ्रेंस के माध्यम से राज्य के सभी उपायुक्त के साथ समीक्षा बैठक करके आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

डीसी अपराजिता ने कहा कि जिला स्तर पर जिन समस्याओं का समाधान संभव है, उनमें किसी प्रकार की देरी न की जाए। विशेष रूप से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाया जाए। सुनिश्चित करें कि एक्शन टेकन रिपोर्ट की गुणवत्ता अच्छी हो, ताकि कोई भी शिकायत रिऑपन न होने पाए। डीसी ने निर्देश दिए कि जनसंवाद, सीएम विंडो, सीपीग्राम, एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए उन पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीसी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित मामलों का संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। यदि कोई विभागाध्यक्ष बैठक में नहीं पहुंच पा रहा है तो वह इसकी अनुमति बैठक से पहले लें और संबंधित विभाग से सक्षम अधिकारी समाधान शिविर में भाग लेना सुनिश्चित करे। बैठक में एडीसी डा. सुशील कुमार, डीएमसी कपिल शर्मा, जिप सीईओ सुरेश राविश, एसडीएम अजय हुड्डा, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, डीएसपी बीरभान, डीडीपीओ ऋतु लाठर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे