home page

आंगनबाड़ियों को मिलेंगे युवा सारथी, 'बाल सारथी' इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू

 | 

-कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी देंगे आंगनवाड़ी केंद्रों पर सेवाएं

चंडीगढ़, 30 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश के युवा अब बच्चों का भविष्य संवारने में अपना योगदान देंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 'बाल सारथी' इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत कॉलेज-विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को दो से छह माह तक बच्चों की देखभाल, खेल आधारित शिक्षा और सर्वांगीण विकास से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

प्रवक्ता ने बताया कि इस इंटर्नशिप कार्यक्रम से जुड़ने के लिए किसी भी कॉलेज या विश्वविद्यालय का विद्यार्थी या समुदाय का कोई भी ऐसा इच्छुक व्यक्ति पात्र है, जो ईसीसीई में अपना योगदान देना चाहता है। इस इंटर्नशिप की अवधि न्यूनतम 2 माह से लेकर अधिकतम 6 माह तक निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के दौरान इंटर्न की भूमिका खेल आधारित गतिविधियों में सहयोग करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग करने तथा बच्चों के सीखने और उनके समग्र विकास में सहायता प्रदान करने की होगी।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस इंटर्नशिप से जुड़ने वाले युवाओं को अमूल्य व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा, साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा द्वारा उन्हें प्रमाण-पत्र तथा विशेषज्ञ मार्गदर्शन और मेंटोरिंग भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में आवेदन करने की प्रक्रिया बेहद सरल है, जिसके तहत आवेदक 'बाल सारथी' पोर्टल पर जा सकते हैं, अपनी जानकारी पंजीकृत कर सकते हैं, आवश्यक विवरण अपलोड कर सकते हैं और अपना आवेदन सबमिट कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा