सोनीपत में 250 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा युवक, हाईवे जाम, बिजली बंद
सोनीपत, 05 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत
में रविवार दोपहर बाद एक युवक लगभग 250 फीट ऊंचे 220 केवी बिजली ट्रांसमिशन टावर पर
चढ़ गया। टावर पर बिजली की तारों के पास युवक के बैठे होने की सूचना मिलते ही आसपास
के लोगों ने डायल-112 पर खबर दी। सूचना पाकर कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
एहतियात
के तौर पर बिजली निगम ने संबंधित लाइन की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद करा दी। शाम तक युवक
की पहचान नहीं हो सकी थी और उसके टावर पर चढ़ने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया था। बिजली
निगम के जेई रवि कुमार के अनुसार, यह टावर टीडीआई के सामने स्थित है। युवक दोपहर बाद
दो बजे टावर पर चढ़ा। यह 220 केवी की लाइन का मल्टी सर्किट टावर है, जिसके नीचे
132 केवी की एक अन्य लाइन भी गुजरती है। इसी लाइन से कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में बिजली
की आपूर्ति होती है। किसी भी हादसे से बचने के लिए लाइन की बिजली बंद कर दी गई।
घटनास्थल
पर टावर के नीचे युवक के सैंडल, शराब की खाली बोतल, एक गिलास और नमकीन का खाली पैकेट
मिला। इन सामानों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि टावर पर चढ़ने से पहले युवक कुछ
समय वहीं रुका था। पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि तो नहीं की इस पूरे मामले
की जांच की जा रही है।
घटना
के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राहगीरों ने वाहन रोककर
युवक को देखना शुरू कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर
लोगों को वहां से हटाया और यातायात को सामान्य कराया। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने
के लिए बचाव दल को भी सूचना दी गई, जबकि पुलिस और बिजली निगम के अधिकारी लगातार स्थिति
पर नजर बनाए हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

