यमुनानगर:युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने की जांच की मांग
यमुनानगर, 08 मई (हि.स.)। यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र के गांव बलाचौर की टपरियां में एक युवक का शव घर के आंगन में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। वह विवाहित था और दो छोटे बच्चों का पिता था।
परिवार में तीन बहनों का वह इकलौता भाई बताया गया है। मृतक की बहन सरोज के अनुसार, सूरज का विवाह वर्ष 2022 में हुआ था। उसके परिवार में तीन वर्ष की बेटी और तीन माह का बेटा है। उन्होंने बताया कि सुबह उन्हें आसपास के लोगों से भाई की मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि शव घर के आंगन में पड़ा था और घर का सामान भी अस्त-व्यस्त हालत में था। परिजनों के अनुसार, पूछताछ में मृतक की पत्नी ने बताया कि रात के समय दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद वह बच्चों के साथ कमरे में चली गई। सुबह जब वह बाहर आई तो सूरज आंगन में पड़ा मिला। मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि परिवार को रात में हुए विवाद या मौत की सूचना समय पर नहीं दी गई। उनका कहना है कि सूरज के शरीर पर कुछ निशान भी दिखाई दिए हैं, जिससे उन्हें मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
छछरौली थाना पुलिस ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

