home page

यमुनानगर:नशा व अपराध पर लगाम के लिए अभिभावक व युवा आगे आएं:एसपी

 | 
यमुनानगर:नशा व अपराध पर लगाम के लिए अभिभावक व युवा आगे आएं:एसपी


यमुनानगर, 09 अप्रैल (हि.स.) जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और नशे की समस्या को लेकर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने अभिभावकों और युवाओं से सजग रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि एक सुरक्षित और स्वस्थ समाज के निर्माण में परिवार की भूमिका सबसे अहम होती है। पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों की दिनचर्या, मित्रों और गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे किसी भी प्रकार की गलत संगति या दबाव में न आएं।

डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उन्होंने अभिभावकों को सचेत किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि बच्चे इंटरनेट पर क्या देख रहे हैं और किन लोगों के संपर्क में हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल नियंत्रण पर्याप्त नहीं, बल्कि बच्चों को समय देना और उनकी समस्याओं को समझना भी जरूरी है। परिवार का सकारात्मक वातावरण ही बच्चों को सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

युवाओं से भी उन्होंने अपील की कि वे अपने अभिभावकों के विश्वास को बनाए रखें और जीवन में अनुशासन को अपनाएं। नशे और आपराधिक गतिविधियों से दूरी बनाकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने युवाओं को प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से सीख लेने और मेहनत के बल पर आगे बढ़ने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार