पलवल : आठ किलो 20 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार
पलवल, 19 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फरीदाबाद यूनिट ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सौफता गांव से गुरुवार काे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आरिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से आठ किलो 20 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी अपने प्लॉट के बाहर खड़े होकर नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में था।
एचएसएनसीबी फरीदाबाद यूनिट के इंचार्ज संग्राम सिंह के अनुसार, टीम को मानस राष्ट्रीय नशा विरोधी हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिली थी कि सौफता गांव निवासी आरिफ नशीले पदार्थों की बिक्री करता है। सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। एएसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं बीडीपीओ नरेश कुमार की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी बरामद नशीले पदार्थ के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम ने हेरोइन को कब्जे में लेकर सील कर दिया। मामले में गदपुरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए गदपुरी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

