सिरसा: प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित युवक गिरफ्तार
सिरसा, 30 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने जिला क्षेत्र से एक युवक को हजारों प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सिरसा निवासी प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक सिरसा की अनाज मंडी क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने की फिराक में है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सात हजार प्रतिबंधित गोलियां व कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद गोलियों को ड्रग विभाग के हवाले कर दिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। सीआईए प्रभारी ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।
उधर, पुलिस ने एक युवक को अवैध पिस्तौल व आठ जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिरसा निवासी अमन के रूप में हुई है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान जेसीडी बरनाला रोड की तरफ से एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। संदेह होने पर पुलिस ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से अवैध पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

