home page

पानीपत: बंद कमरे से युवक का शव बरामद, कोई पहचान नहीं

 | 
पानीपत: बंद कमरे से युवक का शव बरामद, कोई पहचान नहीं


पानीपत, 24 जुलाई (हि.स.)। यहां की खटीक बस्ती में शुक्रवार को एक बंद कमरे से युवक का क्षत-विक्षत हालत में शव मिलने से बस्ती में सनसनी फैल गई। करीब पांच दिन से बंद पड़े कमरे में उठती बदबू से शव का पता चला, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस और जन सेवा दल की टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।

पड़ोसियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कमरे की ओर से तेज बदबू आ रही थी। जब बदबू लगातार बढ़ने लगी तो लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जन सेवा दल की टीम को बुलाकर पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर फोल्डिंग पर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। शव काफी हद तक गल-सड़ चुका था। पुलिस और जन सेवा दल ने सावधानीपूर्वक शव को कमरे से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि मृतक करीब तीन महीने पहले ही किराए पर रहने आया था। वह पेशे से टाइल मिस्त्री था। वहीं मकान मालिक के पास भी उसके बारे में अधिक जानकारी नहीं मिली। पुलिस को मौके से मृतक का कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला। हालांकि उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस उसके परिजनों और पहचान का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, युवक की पहचान और मौत के कारणों की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा