home page

जींद : पीट कर युवक की हत्या के मामले में चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
जींद : पीट कर युवक की हत्या के मामले में चार आरोपित गिरफ्तार


जींद, 10 जून (हि.स.)। गढ़ी थाना पुलिस ने रंजिश के चलते हत्या के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस मामले में पहले भी चार आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।

गढ़ी थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिलबाग सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि धमतान साहिब पुलिस चौकी में सूचना मिली थी कि गांव ढाबी टेक सिंह निवासी विकास को झगड़े में लगी चोटों के कारण नागरिक अस्पताल नरवाना से रेफर कर मेडिकल कॉलेज अग्रोहा ले जाया गया है। सूचना पर पुलिस अग्रोहा पहुंची तो वहां घायल के पिता सुदेश ने बताया कि उसका लड़का विकास एक जून को उसके साथी कमल के साथ मोटरसाइकिल पर अपने गांव ढाबी टेकसिंह आ रहा था। तभी धमतान से भुलन रोड पर उनकी मोटरसाइकिल को एक गाड़ी से टक्कर मार कर गिरा दिया गया तथा गाड़ी से उतरे दो-तीन लड़कों व मोटरसाइकिलों पर आए चार-पांच अन्य लड़कों ने विकास को चोटें मारी।

घायल विकास को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज अग्रोहा रेफर कर दिया। उपचार के दौरान चार जून को विकास की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर गांव ढाबी टेकसिंह निवासी सतीश, सूर्य देव, बिंटू व फतेहाबाद निवासी चंद्र को नियमानुसार गिरफ्तार किया था। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपितों से पूछताछ की तो टोहाना निवासी बलिंद्र व बिट्टू तथा सोथा (कैथल) निवासी विनोद व सावन के नाम उभर कर सामने आए। जिस पर पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर पुलिस पूछताछ में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा