home page

नूंह: जिला योगासन चैंपियनशिप में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाया योग कौशल

 | 
नूंह: जिला योगासन चैंपियनशिप में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाया योग कौशल


नूंह, 26 सितंबर (हि.स.)। जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग, नूंह की ओर से शनिवार को जिला स्तरीय योगासन चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न खंडों से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगासन की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि शशिकांत ने पहुंचकर प्रतिभागियों के प्रदर्शन का अवलोकन किया तथा विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

जिला खेल अधिकारी भूषण चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन लड़के एवं लड़कियों के लिए तीन आयु वर्गों में किया गया। इनमें 8 से 14 वर्ष, 14 से 18 वर्ष तथा 18 से 28 वर्ष के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में ट्रेडिशनल योगासन, आर्टिस्टिक सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर तथा रिदमिक पेयर सहित चार इवेंट आयोजित किए गए। प्रत्येक आयु वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

भूषण चौधरी ने कहा कि योग केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है। युवाओं को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक मंडल के सदस्य कान्हे राम, देवेंद्र कुमार, अंकित शर्मा, लखमी चंद, बबिता दलाल एवं नीरज रानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर जिला खेल अधिकारी भूषण चौधरी ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया